सब लेफ्टिनेंट पूनिया बनी नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट

नयी दिल्ली 04 जुलाई (वार्ता) सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया ने नौसेना की पहली महिला फाइटर पायलट होने का गौरव हासिल किया है।

नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि विशाखापत्तनम स्थित नौसैनिक एयर बेस पर दूसरे बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के पूरा होने के बाद गुरूवार को उन्हें यह गौरव हासिल हुआ। इस कोर्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए लेफ्टिनेंट अतुल कुमार और सब लेफ्टिनेंट आस्था पूनिया को सहायक नौसेना प्रमुख (वायु) रियर एडमिरल जनक बेवली ने प्रतिष्ठित ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ पुरस्कार से सम्मानित किया।

सब लेफ्टिनेंट पूनिया नौसेना विमानन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला हैं। इससे नौसेना में महिला फाइटर पायलटों के एक नए युग का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

नौसेना में टोही विमानों और हेलीकॉप्टरों में पायलट तथा नौसेना वायु संचालन अधिकारियों के रूप में पहले से ही महिला अधिकारी काम कर रही हैं।

नौसेना ने सब लेफ्टिनेंट पूनिया की इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भी दी है। पोस्ट में लिखा है , “ नौसेना विमानन में एक नया अध्याय। भारतीय नौसेना ने तीन जुलाई को द्वितीय बेसिक हॉक कन्वर्जन कोर्स के साथ ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया।

लेफ्टिनेंट अतुल कुमार और एसएलटी आस्था पूनिया ने सहायक नौसेना प्रमुख (वायु) रियर एडमिरल जनक बेवली से प्रतिष्ठित ‘विंग्स ऑफ गोल्ड’ प्राप्त किया।

सब लेफ्टिनेंट पूनिया बाधाओं को तोड़ नौसेना में महिला फाइटर पायलटों के एक नए युग का मार्ग प्रशस्त करते हुए नेवल एविएशन की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने वाली पहली महिला पायलट बनीं। ”

 

 

Next Post

ईडी अधिकारी बनकर वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Fri Jul 4 , 2025
कोलकाता, 04 जुलाई (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खुद को ईडी अधिकारी बताकर व्यापारियों एवं अन्य लोगों से वसूली करने के कथित मास्टरमाइंड एस के जिन्नार अली को गिरफ्तार किया है। ईडी ने हाल ही में कोलकाता और बर्दवान में छापेमारी के बाद यह गिरफ्तारी की है। बुधवार को कोर्ट […]

You May Like