नयी दिल्ली, 30 जून (वार्ता) कांग्रेस ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसकी भरे मानसून में एक विचित्र योजना लाने की तैयारी है जिसके तहत तीन जुलाई से राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण कम करने के लिए कृत्रिम बारिश कराई जाएगी और इस पर तीन करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
पार्टी ने इसे भाजपा के भ्रष्टाचार की धमाकेदार योजना बताया और कहा कि भाजपा इसके तहत जनता के पैसे को उड़ाने की योजना बना रही है। कांग्रेस ने इस योजना को भ्रष्टाचार पर पंख लगाने का नया बहाना बताया और कहा कि उसने ठान रखा है कि वह जनता के पैसे इसी तरह से उड़ाएगी।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स पेज पर कहा, “दिल्ली की भाजपा सरकार एक धमाकेदार प्लान लेकर आई है। इस प्लान के तहत सरकार बरसात के मौसम में पहले से तर-बतर दिल्ली पर ‘आर्टिफिशियल बारिश’ करवाने जा रही है। इसमें आपकी मेहनत के सिर्फ तीन करोड़ रुपए फूंके जाएंगे। भाजपा ने ठान रखा है कि नये बहाने लाएंगे-जनता का पैसा उड़ाएंगे।”
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “दिल्ली की भाजपा सरकार प्रदूषण खत्म करके के लिए दिल्ली में कृत्रिम बारिश कराने जा रही है। यह 04-11 जुलाई के बीच होगा, पर कितने कमाल की बात है कि यह नकली बारिश भरे मानसून में कराई जा रही है। ग़ज़ब भ्रष्टाचार है। आँख में थोड़ा तो शर्म का पानी तो रहने देते भाजपाईयों।”
