इंदौर: शहर में प्रमुख आस्था के केंद्रो में से एक बिजासन माता मंदिर का अब विशेष सौंदर्यीकरण और विकास किया जाएगा. बिजासन टेकरी अब बिजासन लोक बनेगा. उक्त टेकरी के विकास को लेकर आज महापौर ने निगम अधिकारियों के साथ दौरा किया और मंदिर समिति के साथ बैठक कर रूपरेखा और योजना बनाने पर चर्चा की.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज बिजासन माता मंदिर का दौरा किया। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी भी साथ थे.
महापौर ने मंदिर समिति के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा कर और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. महापौर ने कहा कि बिजासन माता मंदिर इंदौरवासियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. विशेष रूप से नवरात्रि के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आते हैं. मंदिर परिसर को एक भव्य और सुव्यवस्थित बिजासन लोक के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पहले भूमि का चिन्हांकन किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मंदिर प्रशासन के पास कितनी जमीन उपलब्ध है. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे. प्रस्तावित योजनाओं में मंदिर का भव्य स्वरूप निर्माण, तालाब का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा, प्रसाद काउंटर, अन्ना क्षेत्र, और पार्किंग सुविधाओं का विकास शामिल है.
1983 में नीमा ने उठाया था विकास का जिम्मा
एक समय बिजासन माता मंदिर के विकास कार्य का जिम्मा पुराने शहर में वार्ड 46 के पार्षद रहे निर्मल नीमा बल्ली ने उठाया था. उस समय 1983 में शहर राजनीतिक ठियों पर चर्चा होती थी कि बल्ली नीमा ने लोधीपुरा वार्ड के विकास सारा पैसा बिजासन माता मंदिर पर लगा दिया. उस समय बिजासन टेकरी पर तालाब, बगीचा, टेकरी पर जाने के लिए डामर की सड़क, मेन रोड से पेडियों का निर्माण किया गया था. साथ ही पीने के पानी की उपर तक नर्मदा लाइन भी डाली थी कि दर्शनार्थियों को पीने का पानी मिल सके. नवरात्रि में नीमा विशेष व्यवस्था करवाते थे.
