सीधी: बरसात शुरू होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली फोरलेन सडक़ जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। गड्ढों में पानी भरने से छोटे वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। सडक़ की दयनीय हालत के मेंटीनेंस के लिये सीधी सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के प्रयासों से 12 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य 13 वर्ष में भी पूर्ण नहीं हो सका। सडक़ निर्माण की धीमी प्रगति का मुद्दा कई बार देश की संसद में भी गूँज चुका है।
उधर जानकारों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली के निर्माण का ठेका लेने वाली कम्पनियां पूरी ताकत झोंक कर भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कर पा रही हैं। लिहाजा लापरवाही के चलते उनका टेण्डर निरस्त हो जाता है। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सडक़ का निर्माण करना काफी चुनौती भरा है साथ ही उक्त मार्ग में भारी वाहनों का दबाव काफी ज्यादा है। एनसीएल, एनटीपीसी की भारी मशीनरी का परिवहन इसी मार्ग से होता है। साथ ही एनटीपीसी एवं पावर प्लांटों से निकलने वाले राखड़ के परिवहन में दिन-रात सैकड़ो भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसी वजह से यह सडक़ बनने के साथ ही जगह-जगह से उखडऩा शुरू हो जाती है। ऐसे में सडक़ निर्माण के लिये इंजीनियरों को बारीके से कार्ययोजना निर्धारित कर निर्माण कार्य शुरू कराना काफी आवश्यक है।
13 साल में नहीं बन सकी 110 किमी. सडक़
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली फोरलेन सडक़ निर्माण के लिये वर्ष 2012 में भूमिपूजन किया गया था। 13 साल में निर्माणाधीन 110 किमी. लम्बी फोरलेन सडक़ का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। सडक़ के निर्माण कार्य के काम में लगी दो कम्पनियों का ठेका लापरवाही के चलते निरस्त हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन सडक़ निर्माण के प्रगति की निगाहबानी की जाय तो महज 55 किमी. सडक़ का निर्माण कार्य ही पूर्ण हो सका है। शेष सडक़ का निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिये फिर टेण्डर की तैयारी है।
इनका कहना है
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली फोरलेन सडक़ का ठेका निरस्त होने के बाद बरसात में कई जगहों में सडक़ में गड्ढे बन चुके हैं। जिसके सुधार के लिये उनके द्वारा हर जगह के लिये पत्र लिख दिया गया है। 2-3 दिन पहले एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने मौके पर आकर सडक़ का निरीक्षण किया है। सडक़ के सुधार के लिये 12 करोड़ का बजट आवंटित हो गया है। बरसात के बाद सडक़ का निर्माण कार्य नये टेण्डर के बाद शुरू हो जायेगा।
डॉ.राजेश मिश्रा, सांसद सीधी-सिंगरौली
