
जबलपुर। सक्रिय मानूसन प्रणालियों के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ हैं। रविवार को सुबह से बादलों को डेरा रहा। दिन चढऩे के साथ बादलों और सूर्यदेव के बीच दिनभर लुकाछिपी का खेल भी चला। बीच-बीच में बूंदाबांदी भी हुई। शाम ढलते ही मौसम ने करवट बदली और रिमझिम फुहारें बरस पड़ी, कहीं तेज तो कहीं हल्की फुहारें बरसती रहीं। शाम करीब साढे पांच बजे तक आठ मिमी बारिश दर्ज की गई सीजन में अब तक 208.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने जबलपुर समेत अन्य जिलोंं में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 29 जून को राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शेष भागों एवं पूरी दिल्ली में आगे बढ़ गया है। इस प्रकार, इसने 8 जुलाई पूरे भारत को कवर करने की सामान्य तिथि से 9 दिन पहले की तुलना में 29 जून को पूरे देश को कवर कर लिया है। अगले 2 दिनों के दौरान इसके उत्तर ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ़ दक्षिण राजस्थान और उससे संलग्न उत्तरी गुजरात के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे संलग्न पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों पर मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उत्तरी ओडिशा में निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण तक समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी ऊपर ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुकी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। पश्चिमी हवाएं पांच से छह किमी की रफ्तार से चली।
