
रतलाम। शहर के एक स्कूल द्वारा मान्यता नहीं मिलने पर विद्यार्थियों को स्कूल आने मना कर दिया गया। इससे नाराज विद्यार्थी मंत्री निवास पर पहुंचे। यहां अपना समस्या बताते हुए सडक़ पर बैठ गए और धरना दिया। इस दौरान डीईओ के खिलाफ नारेबाजी की। शहर के बाजना रोड स्थित श्री जैन बालक हायर सेकण्डरी (हिंदी मीडियम)में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र और पालक शनिवार को पैदल रैली निकालते हुए शहर विधायक एवं मंत्री चेतन्य काश्यप के कार्यालय पर पहुंचे। बताया कि मान्यता नहीं मिलने पर इन छात्रों को स्कूल आने से मना करने के बाद विद्यार्थियों ने विरोध जताया। इस दौरान जमकर जिला शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। मंत्री चेतन्य काश्यप के रतलाम से बाहर होने के कारण प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता मनोहर पोरवाल विद्यार्थी और पालकों से मिलने बाहर आए। इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए और विद्यार्थियों को अपने साथ लेकर मंत्री के निवास के बाहर बीच सडक़ पर बैठ गए। परिषद के पदाधिकारियों को समझाते रहे कि हम अपनी बात रखने आए हैं ना कि सडक़ पर बैठने। मौके पर स्टेशन रोड थाना प्रभारी राजस्व डाबी व पुलिस बल भी पहुंचा। समझाया लेकिन कोई मानने के लिए तैयार नहीं थे।
प्रशासन से की थी शिकायत
इससे पहले गुरूवार को स्कूल आने से मना करने पर प्रशासन से शिकायत की गई थी। विद्यार्थी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे और एडीएम डॉ.शालिनी श्रीवास्तव से मिले थे। उन्होंने आश्वासन दिा था, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
समस्या सुनी और ज्ञापन लिया
मंत्री काश्यप के रतलाम से बाहर होने के कारण प्रतिनिधि के रूप में भाजपा नेता मनोहर पोरवाल बाहर आए। पालकों से समस्या सुन ज्ञापन लिया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि बच्चों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
