
सागर। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर राष्ट्रवादी विचारधारा को कुचलने का कार्य किया। लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ने वालों को जेल में ठूंसा गया। लगभग 1 लाख 40 हजार लोगों को जेल में बंद किया गया और 22 कस्टोडियल डेथ हुईं। संविधान की आत्मा को कुचला गया। मीसा कानून में संशोधन कर प्राकृतिक न्याय की भावना का उल्लंघन किया गया। यह बात राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने सागर में आपातकाल की 50 वीं पर आयोजित संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाने की बात करती है, लेकिन इतिहास गवाह है कि वही कांग्रेस बार-बार संविधान को बेरहमी से कुचलती रही है। कांग्रेस के लिए लोकतंत्र सिर्फ एक दिखावा है। पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में मुगलों की तानाशाही और अंग्रेजों की फूट डालो राज करो की नीतियां शामिल हैं। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि देश में आपातकाल एक बहुत बड़ी घटना थी ।।लोकतंत्र सेनानी संघ अध्यक्ष कृष्ण वीर सिंह ने विस्तृत रूप से आपातकाल की विभीषिका के संस्मरण को साझा किया।
