शशि थरूर पर कार्रवाई संबंधी सवाल का खरगे ने नहीं दिया स्पष्ट जवाब

नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी नेता शशि थरूर के पार्टी लाइन से अलग हटकर मोदी सरकार के कार्यों की तारीफ करने को लेकर उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने संबंधी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं दिया, लेकिन तंज कसते हुए कहा कि भाषा पर उनकी पकड़ बहुत अच्छी है और इसीलिए उन्हें पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य बनाया गया है।

श्री खरगे ने बुधवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित विशेष संवाददाता सम्मेलन में श्री थरूर के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ में एक अंग्रेजी अखबार में लिखे उनके लेख से संबंधित सवाल पर कहा, “मुझे अंग्रेजी समझ में नहीं आती। उनकी भाषा पर बहुत अच्छी पकड़ है, इसलिए हमने उन्हें कांग्रेस कार्य समिति का सदस्य नियुक्त किया है। हमने अपनी सेना को अपना समर्थन दिया है। हमने कहा कि राष्ट्र पहले है, लेकिन कुछ लोग मानते हैं कि मोदी पहले हैं।”

इस बीच श्री थरूर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट किया जिसके सियासी गलियारे में कई अर्थ लगाते हुए अटकलें भी लगाई जा रही हैं। इस पोस्ट में श्री थरूर ने उड़ने के लिए तैयार चिड़िया की तस्वीर के साथ लिखा “उड़ने के लिए किसी की अनुमति मत मांगो। पंख तुम्हारे हैं और आसमान किसी का नहीं।”

श्री खरगे का श्री थरूर के खिलाफ यह तंज ऐसे समय आया है जब श्री थरूर तथा कांग्रेस आलाकमान के बीच मनमुटाव की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी के बाद श्री थरूर के ट्वीट की सियासी गलयारे में खूब चर्चा हो रही है। अटकलें लगाई जा रही है कि श्री थरूर पहले भाजपा खेमे में होंगे या इससे पहले कांग्रेस नेतृत्व उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा। गौरतलब है कि श्री थरूर हाल में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विदेश यात्रा पर गये प्रतिनिधिमंडल में भी शामिल थे जबकि कांग्रेस ने उनका नाम सरकार को नहीं भेजा था।

Next Post

एक्सिओम-4 मिशन देश के विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ने का संकेत: जितेन्द्र सिंह

Wed Jun 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डा़ जितेन्द्र सिंह ने एक्सिओम 4 मिशन के सफल प्रक्षेपण को ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा है कि यह देश के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में बड़ी छलांग है। डा़ सिंह ने बुधवार को यहां अनुसंधान भवन के […]

You May Like