उदय चौक पर निर्माणाधीन हॉकर्स जोन का एक हिस्सा ढहा,मलबे में कई वाहन दबे

मंडला। शहर के सबसे व्यस्त चौराहे उदय चौक पर एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब निर्माणाधीन हॉकर्स ज़ोन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दो वाहन समा गए, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन इस घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और 7 करोड़ रुपये की सौंदर्यीकरण योजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि निर्माण स्थल पर कोई सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेतक या बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई थी। ठेकेदार द्वारा निर्माण में लापरवाही बरती जा रही थी, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन नगर पालिका ने कोई ध्यान नहीं दिया।

हादसे के बाद जनता का आक्रोश चरम पर है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा इस वर्ष शुरू की गई दो प्रमुख निर्माण परियोजनाओं में से एक की दीवार पहली ही बारिश में गिर गई, और अब हॉकर्स ज़ोन हादसे का शिकार हो गया। यह साबित करता है कि कार्यों की गुणवत्ता के बजाय केवल राशि खर्च करने पर ज़ोर दिया गया।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सौंदर्यीकरण के नाम पर नगर पालिका सिर्फ दिखावटी काम करवा रही है। 7 करोड़ की इस योजना में न तो ठेकेदार की जवाबदेही तय है और न ही प्रशासन की निगरानी प्रभावी है। लोगों ने मांग की है कि इस योजना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

हादसे के तुरंत बाद पुलिस और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य प्रारंभ किया गया। प्रशासन ने ठेकेदार पर जनसुरक्षा से खिलवाड़ और लापरवाही का प्रकरण दर्ज करने की बात कही है। हालांकि, जनता इस औपचारिकता से संतुष्ट नहीं है।

Next Post

डंपर ने साईकिल चालक को कुचला, ग्रामीणों ने किया चकाजाम

Wed Jun 25 , 2025
सिवनी, 25 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी विकासखंड के ग्राम बागडोंगरी में आज अवैध रेत खनन के विरोध में ग्रामीणों द्वारा चकाजाम किया गया। केवलारी एसडीएम महेश अग्रवाल के द्वारा पंचनामा तैयार कर घटनास्थल में पाए गए सभी वाहनों की जप्ती बनाई एवं आवश्यक कार्यवाही करने का […]

You May Like