
अशोकनगर। शाढ़ौरा में अपनी दो मांगों को लंबे समय से इंतजार कर रहे सफाई कर्मचारियों के सब्र का बांध अब टूट चुका है और वे किसी भी सूरत में हड़ताल स्थगित करने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि छह साल से उनकी यह मांग लंबित है, हर बार आश्वासन देकर उन्हें काम पर बुला लिया जाता है। इस बार भी 20 तारीख को मौटिंग कर मांग पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन नतीजा सिफर रहा। अब उन्होंने मांग पूरी न होने से तक काम बंद हड़ताल जारी रखने की बात कही है। हड़ताल का मंगलवार को चौथा दिन है और सफाई न होने से नगर में हालात बिगडऩे लगे हैं। बीएमओ ने भी इसे लेकर चिंता जताते हुए गंदगी होने पर बीमारियां फैलने का अंदेशा जताया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय मजदूर सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सफाई कर्मचारी चार दिनों से हड़ताल पर हैं। इसके असर का अंदाजा अब नगर में जगह-जगह गंदगी के ढेर एवं सड़कों पर बहते गंदे पानी को देखकर आसानी से लगाया जा सकता है। लगातार हो रही बारिश ने स्थितियां और विकट कर दी हैं। नगर के प्रत्येक वार्ड में सफाई न होने से नालियां चौक हो गई हैं और पानी सड़कों पर नजर आ रहा है। वहीं नगर के अनेकों स्थानों पर कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं। विशेषकर बाजार में व्यापारियों का कचरा दुकानों के आगे जमा हो रहा है। बारिश से गीला होने पर कचरे से बदबू आ रही है। जिससे दुकानदारों सहित अन्य लोगों को भी दिक्कत हो रही है।
