खरगोन, 23 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय के दो मोहल्ला क्षेत्रों में आज कुछ श्वानों ने 10 बच्चों समेत 23 लोगों को काट लिया। ज्यादातर बच्चों को चेहरे पर काटा गया है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर अमर सिंह चौहान ने बताया कि वार्ड 24 और 26 में आज करीब आधा दर्जन श्वानों ने 23 लोगों को काट लिया। इसमें करीब 10 बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अधिकांश बच्चों को चेहरों पर काटा गया है। उन्होंने बताया कि सभी लोग केटेगरी दो और तीन की श्रेणी के प्रभावित हैं।
उन्होंने बताया कि अधिकांश को एंटी रैबीज, इम्यूनोग्लोबिन और एंटीबायोटिक इंजेक्शन देकर डिस्चार्ज कर दिया गया। गंभीर रूप से प्रभावित करीब आधा दर्जन बच्चों को फिलहाल जिला अस्पताल में उपचारित किया जा रहा है।
उधर जिला कलेक्टर भव्या मित्तल ने बताया कि जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही जिले के विभिन्न हिस्सों से विगत 6 महीने में जिला अस्पताल आने वाले प्रभावितों का डाटा मंगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज शाम इसकी समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
