सीमेंट सप्लाई के नाम पर लाखों की ठगी

सीहोर। शहर के चाणक्यपुरी क्षेत्र निवासी एक ठेकेदार से अल्ट्राटेक सीमेंट की सप्लाई दिलाने के नाम पर 2 लाख 23 हजार 600 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार फरियादी आशीष विश्वकर्मा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई. शिकायत में बताया गया कि वह ठेकेदारी का कार्य करता है और उसे बड़ी मात्रा में अल्ट्राटेक सीमेंट की आवश्यकता थी. उसे एक सीमेंट व्यापारी के माध्यम से स्वयं को अल्ट्राटेक कंपनी का सेल्समैन बताने वाले दीपक अग्रवाल का मोबाइल नंबर मिला. आरोपी ने सीमेंट देने का भरोसा दिलाकर 20 मई को आरटीजीएस के माध्यम से 2 लाख 23 हजार 600 रुपये पंजाब एंड सिंध बैंक के एक खाते में जमा करा लिए. बाद में आरोपी ने 2000 बोरी सीमेंट भेजने के लिए कुल 5.20 लाख रुपये जमा कराने की शर्त रखी. फरियादी ने जमा राशि के अनुसार सीमेंट भेजने या पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन न तो सीमेंट मिला और न ही राशि वापस की गई. शक होने पर फरियादी ने कंपनी से संपर्क किया, जहां से जानकारी मिली कि उक्त नाम का कोई सेल्समैन कंपनी में कार्यरत नहीं है.पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक और बैंक खाते के संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

 

Next Post

अधूरे नाली निर्माण ने खोली पोल, फंसा कंटेनर

Tue Jun 2 , 2026
रेहटी। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रोड़ निर्माण में शुक्ला कंपनी द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हो पाया था कि उसकी वास्तविक स्थिति सामने आने लगी. हाल ही में एक भारी-भरकम कंटेनर ट्रक नवनिर्मित […]

You May Like