भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक नेतृत्व में होने जा रहे बदलाव में मध्यप्रदेश की भूमिका इस बार विशेष रूप से अहम नजर आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित राज्य के दिग्गज नेताओं की सक्रिय मौजूदगी के बीच पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज दोपहर बाद दो बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनका निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है।
नितिन नबीन के नाम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं करेंगे। उनके प्रस्तावकों और समर्थकों की सूची में मध्यप्रदेश से जुड़े नेताओं की संख्या सबसे अधिक है। इसमें राज्य सरकार के पांच मंत्री, मध्यप्रदेश से पांच केंद्रीय मंत्री, चार सांसद और कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जो इस चुनावी प्रक्रिया को ऐतिहासिक बना रहे हैं।
वरिष्ठ नेताओं में जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं। वहीं केंद्रीय मंत्रिमंडल से शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार खटीक, दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर के नाम सामने आए हैं। सांसदों और वरिष्ठ नेताओं का यह दल दिल्ली पहुंच चुका है और कल औपचारिक रूप से नितिन नबीन के भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा की जाएगी।
