रेखा ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों की हालत पर जताई चिंता

नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों की बदतर हालत पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि छात्रावासों की क्षमता केवल 1200 विद्यार्थियों की है जबकि वर्तमान में यहां लगभग 3200 छात्र-छात्राएं अत्यंत दयनीय तथा असुविधाजनक परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं।
श्रीमती गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों के साथ बैठक की जिसमें हॉस्टल की जर्जर स्थिति, परिसर की सुरक्षा, अपर्याप्त लाइट व्यवस्था, सुरक्षा गार्ड, अवैध अतिक्रमण और छात्रों के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और तत्काल सुधार के लिए ठोस कदम उठाने के लिए सभी सम्बंधित अधिकारियो को निर्देश दिए।
उन्होंने ने मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के छात्रावासों की बदतर हालत पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि 1966 से 1990 के बीच बने कॉलेज के सात हॉस्टलों की क्षमता केवल 1200 विद्यार्थियों की है जबकि वर्तमान में यहां लगभग 3200 छात्र-छात्राएं अत्यंत दयनीय तथा असुविधाजनक परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। एक कमरे में आठ-आठ बेड, साझा अलमारी और स्टडी टेबल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव इस स्थिति को और भी चिंताजनक बना देता है। उन्होंने इसे पूर्ववर्ती सरकारों की घोर लापरवाही और जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने का प्रतीक बताया और इसे अत्यंत गंभीर एवं शर्मनाक स्थिति कहा।
मुख्यमंत्री ने छात्रों के कल्याण और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ठोस कदमों की घोषणा की। उन्होंने पीडब्लूडी के अधिकारियो को निर्देश दिए कि छात्रावासों की तत्काल मरम्मत और पुनरोद्धार का कार्य शुरू किया जाए ताकि छात्रों के लिए बेहतर रहने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि परिसर में रात्रिकालीन सुरक्षा को बढ़ाने के लिए हाई-इंटेंसिटी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। साथ ही, चौबीस घंटे सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की संख्या में वृद्धि जैसे उपायों के ज़रिए सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जाएगा। कॉलेज परिसर में सुगमता और संरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बहुत समय से लंबित नए हॉस्टल के निर्माण की योजना को भी जल्द से जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के सभी छात्रों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही, और संवेदनशीलता के साथ छात्रों के साथ खड़ी है। मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के छात्र हमारे लिए महत्वपूर्ण है और हम उनकी हर संभव सहायता करेंगे।

Next Post

भाजपा मुख्यालय में मुखर्जी को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Mon Jun 23 , 2025
नयी दिल्ली, 23 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकश नड्डा ने देश की एकता एवं अखंडता के अग्रदूत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 72वें बलिदान दिवस के अवसर पर आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि […]

You May Like