नयी दिल्ली 23 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में सरकार के कामों से लोग खुश हैं इसलिए वहां विधानसभा उपचुनाव में शानदार सफलता हासिल हुई है।
श्री केजरीवाल ने उपचुनाव के परिणाम आने के बाद आज एक्स पर कहा ”गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीटों पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर आप सबको बहुत बहुत बधाई। गुजरात और पंजाब के लोगों को बहुत बधाई और बहुत बहुत शुक्रिया। दोनों जगह पिछले चुनाव के मुक़ाबले लगभग दोगुने मार्जिन से जीत हुई है।”
उन्होंने कहा ”ये दिखाता है कि पंजाब के लोग हमारी सरकार के कामों से बहुत ख़ुश हैं और उन्होंने 2022 से भी ज़्यादा वोट दिया है। गुजरात की जनता अब बीजेपी से परेशान हो चुकी है और उन्हें आम आदमी पार्टी में उम्मीद दिखाई दे रही है।”
आप नेता ने कहा कि दोनों जगह कांग्रेस और भाजपा, दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ीं। इन दोनों का एक ही मकसद था -“आप” को हराना लेकिन लोगों ने दोनों जगह इन दोनों पार्टियों को नकार दिया।
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा ”पंजाब में सेमीफाइनल में मिली शानदार जीत। अब फाइनल की बारी है।”
उल्लेखनीय है कि पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के भारत भूषण आशु से 10637 मतों के अंतर से विजयी रहे। वहीं गुजरात विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट भाजपा और एक आप के खाते में गयी है। गुजरात की विसावदर सीट पर आप उम्मीदवार इटालिया गोपाल ने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार किरिट पटेल को 17554 मतों से हराया।
