
सतना . धर्म नगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में स्नान करने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति अचानक पानी की तेज धार में बह गए. रविवार की सुबह उनका शव पानी में उतराता नजर आया. पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया व विवचेना की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप्र के कर्बी जिले के बंदरकोल निवासी 55 वर्षीय फूलचंद्र यादव पिता बीरन यादव दर्शन-पूजन के लिए चित्रकूट आए थे. दर्शन-पूजन से पहले स्फटिक शिला घाट पर वे स्नान करने के लिए पहुंचे. चूंकि बारिश के चलते ममंदाकिनी नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ था और पानी की धार भी अपेक्षाकृत काफी तेज थी. इसलिए पानी में उतरने के बाद फूलचंद्र का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी की तेज धार में बहने लगे. चूंकि उन्हें तैरना भी नहीं आता था इसलिए वे पानी में अपना बचाव भी नहीं कर सके और बहते हुए पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई. जिसके आधार पर चित्रकूट थाना प्रभारी डी आर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और पानी में डूबे अधेड़ की तलाश शुरु की गई. लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी. वहीं रविवार की सुबह स्फटिक शिला के निकट हेलीपेड की चहरदिवारी के सामने मंदाकिनी नदी में फूलचंद्र का शव उतराता मिला. जिसो पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
