
इंदौर। पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुदर्शन गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर मोबाइल कॉल में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब कोई कॉल करते हैं, तो सबसे पहले अमिताभ बच्चन की आवाज सुनाई देती है, जिससे कॉल कनेक्ट होने में समय लगता है। यह स्थिति विशेष रूप से बुजुर्गों, मरीजों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
गुप्ता ने मंत्री सिंधिया को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि यह कॉलर ट्यून साइबर धोखाधड़ी से बचाव हेतु चलाई जा रही केंद्र सरकार की जनजागरूकता पहल का हिस्सा है, लेकिन इसकी वजह से कॉल ड्रॉप और नेटवर्क कनेक्टिविटी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
मंत्री सिंधिया ने भी इस समस्या पर सहमति जताते हुए कहा कि वे स्वयं भी इससे परेशान हैं। गुप्ता ने आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस कॉलर ट्यून को वैकल्पिक या सीमित समय के लिए किया जाए, ताकि आपात स्थिति में कॉल बाधित न हो।
