मुंबई, 20 जून (वार्ता) दुनिया की प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के मजबूत होने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार की जबरदस्त तेजी की बदौलत आज अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 15 पैसे चढ़कर 86.59 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
वहीं, इसके पिछले कारोबारी दिवस रुपया 86.74 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
कारोबार की शुरुआत में रुपया नौ पैसे की बढ़त के साथ 86.65 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सत्र के दौरान आयातकों एवं बैंकरों की डॉलर बिकवाली की बदौलत 86.55 रुपये प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं, लिवाली के दबाव में यह 86.67 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 86.74 रुपये प्रति डॉलर की तुलना में 15 पैसे चढ़कर 86.59 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
