
इंदौर. कांग्रेस संगठन सृजन अभियान में कोई नेता नहीं, सिर्फ कार्यकर्ता हैं. एआईसीसी के पर्यवेक्षक और अमृतसर से तीन बार सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि यह अभियान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की सोच है. उन्होंने कहा कि पूर्व में ऊपर से की गई नियुक्तियों की वजह से कांग्रेस की मध्यप्रदेश में हालत खराब हुई है. संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है. औजला ने यह भी बताया कि उन्होंने वरिष्ठ नेताओं जैसे दिग्विजय सिंह और कमलनाथ से राय ली, जिन्होंने कार्यकर्ताओं की मंशा को प्राथमिकता देने को कहा. पंजाब में नशे के बढ़ते मामले पर औजला ने पुलिस और सरकार की मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि नशा पाकिस्तान से आता है. औजला ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस की खराब हालत का कारण बड़े नेताओं की अनदेखी बताया और कहा कि उनकी रिपोर्ट सीधे दिल्ली में जमा होगी. इंदौर के सभी दावेदार भी हाईकमान के फैसले का सम्मान करेंगे और मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे.
