मेहसाणा | गुजरात के मेहसाणा जिले के उंझा-उनावा हाईवे पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद ईको कार से अहमदाबाद के रामोल लौट रहा एक परिवार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। उनावा गांव के पास एक होटल के नजदीक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना में पिता-पुत्र सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाश कुमावत और एक बच्चा शामिल है। वहीं, एक गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में 6 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हाईवे पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उनावा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद का झोंका आना या तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जीवित बचे घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

