
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए तथ्य सामने आ रहे हैं. अब इस मामले से जुड़ा एक और अहम वीडियो सामने आया है, जिसमें हत्या के आरोपी विशाल, आकाश और आनंद डबल डेकर बस की सीढ़ियां चढ़ते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो हरियाणा से आए पर्यटक व यूट्यूबर देवेंद्र सिंह के मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ था. वीडियो में राजा और सोनम भी उनके पीछे-पीछे चलते दिखाई दे रहे हैं.
यह फुटेज 23 मई का है उसी दिन जब राजा और सोनम अचानक लापता हुए थे. 2 जून को राजा का शव मिलने के बाद जब जांच आगे बढ़ी, तो यह वीडियो पुलिस के हाथ लगा. वायरल हो रहे फुटेज में देखा गया कि तीनों आरोपी बस में सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि राजा और सोनम पीछे हैं. खास बात यह रही कि कैमरा देखते ही एक आरोपी चेहरा छिपाने की कोशिश करता नजर आया. वीडियो में दो आरोपियों के कंधों पर बैग भी लटके हुए दिखे हैं, जिससे पुलिस को आशंका है कि वारदात के बाद इस्तेमाल की गई कुछ सामग्री उन्हीं में हो सकती है. पुलिस ने दोनों वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है. अफसरों का मानना है कि यह दृश्य हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
