केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बिहार में अमर शहीद बुद्धू नोनिया जन्म-शताब्दी समारोह में की सहभागिता

  • पटना में बोले शिवराज सिंह- हमें गर्व है, हम उस समाज के
  • प्रतिनिधि हैं, जिसमें अमर शहीद बुद्धू नोनिया ने जन्म लिया
  • पटना में लगाई जाएगी अमर शहीद बुद्धू नोनिया की प्रतिमा
  • प्रधानमंत्री जी व नीतिश सरकार ने गरीबों, पिछड़ों, वंचितों के लिए किया अभूतपूर्व काम- शिवराज सिंह
  • हमारी बहनों को एनडीए की सरकार में मिला हैं पूरा सम्मान- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
  • अंबेडकर जी की तस्वीर पैरों के पास रखने वालों शर्म करो,
  • ये देश तुम्हें कभी माफ नहीं करेगा लालू जी- शिवराज सिंह
  • वीरों की पूजा नहीं होगी तो वीरता बांझ हो जाएगी-केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
  • जातिगत जनगणना के नोटिफिकेशन पर शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री जी को दिया धन्यवाद

पटना/नई दिल्ली, 16 जून 2025, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पटना (बिहार) में अमर शहीद बुद्धू नोनिया जन्म-शताब्दी समारोह में सहभागिता की। समारोह में केंद्रीय मंत्री रेणु देवी, बिहार के उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी व श्री विजय कुमार सिन्हा, प्रदेशाध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल, श्री दारासिंह चौहान, श्री संजय जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नोनिया जी के अनुयायी, समाजजन उपस्थित थे। इस अवसर पर शिवराज सिंह ने कहा कि हमें गर्व है कि हम उस समाज से प्रतिनिधि हैं, जिसमें अमर शहीद बुद्धू नोनिया जी ने जन्म लिया। शिवराज सिंह ने बिहार सरकार को धन्यवाद दिया कि शहीद नोनिया जी की प्रतिमा पटना में लगाई जाएगी।

अमर शहीद बुद्धू नोनिया जी का स्मरण करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि अंग्रेजों ने आजादी चांदी की तश्तरी में रखकर भेंट नहीं की, हजारों क्रांतिकारी हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल गए थे, कई ने अपने सीने अंग्रेजी संगीनों के सामने खोल दिए थे और अपने गरम गाढ़े व लाल खून से भारत भूमि को पवित्र किया था। कई ने अपनी पूरी जिंदगी और जवानी अंडमान-निकोबार की जेलों में कोल्हू और चक्की पीसते हुए गुजार दी और जब फांसी के फंदों पर झूलने जाते थे तो डर से उनके पैर नहीं कांपा करते थे, उनका कलेजा नहीं हिला करता था, उनके एक हाथ में गीता होती थी, उनके मुंह से भारत माता की जय के उद्घोष निकलते थे, उनके हृदय में दृढ़ संकल्प होता था। शिवराज सिंह ने कहा कि वो भगवान से प्रार्थना करते थे कि हे भगवान, मरने के बाद हम फिर से जन्म लें तो इसी भारत भूमि पर जन्म लें और तब तक पैदा होते रहे और मरते रहे, जब तक कि ये देश आजाद न हो जाए। शहीदों ने अपना सब कुछ न्योछावर किया। ऐसे वीरों की पूजा नहीं होगी तो वीरता बांझ हो जाएगी।

शिवराज सिंह ने कहा कि मुझे गर्व है नोनिया समाज पर, चौहान समाज पर, एक तरफ संन्यासी विद्रोह प्रारंभ हुआ 1770 के आसपास, दो ही विद्रोह प्रसिद्ध हैं, इतिहास में एक संन्यासी विद्रोह और दूसरा नोनिया विद्रोह, हम आर्थिक रूप से गरीब हो सकते हैं, लेकिन देश की आन-बान-शान का जब मौका आता है, तो ये नोनिया समाज जान की बाजी लगा देता है। नोनिया विद्रोह अंग्रेजों को खदेड़ने के लिए था, अमर शहीद नोनिया जी, गांधी जी ने आह्वान किया, उस आह्वान पर निकल पड़े नमक बनाने। जब उन्होंने नमक सत्याग्रह किया, तभी धोखे से उन्हें गिरफ्तार करके खोलते हुए कड़ाव में, जिसमें नामक बनता था उसमें डाल दिया गया, लेकिन खोलते कड़ाव में भी शहीद नोनियाजी के मुंह से तब भी निकल रहा था-भारत माता की जय, वंदे मातरम्।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, बिहार की सरकार, मुख्यमंत्री नितीश कुमार जी ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के लिए जो काम किए है, वो कभी किसी नहीं किए। हमारी बहनों को भी अगर सम्मान मिला है तो एनडीए की सरकार में मिला है। शिवराज सिंह ने कहा कि आज अपना सम्मेलन हो रहा है और बुद्धू नोनिया जी की जन्म शताब्दी के दिन हमारे गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने घोषणा कर दी है जातिगत जनगणना की तारीखों की, अब जातिगत जनगणना होगी। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी व गृह मंत्री अमित जी को धन्यवाद देते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि आपका रिप्रेजेंटेशन जो मिला है, उसे भी दिल्ली में सरकार के सामने रखेंगे। रेणू दीदी ने कहा है कि यदि 95% अत्यंत गरीब हैं तो अनुसूचित जनजाति के रूप में भी शामिल किया जाये, इस पर सरकार विचार करेगी। हम भी तय कर लें कि जो हमारे लिए हैं, हम उनके लिए हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि डॉ. बाबा साहब अंबेडकर जी, जिन्होंने देश को संविधान दिया, उनकी तस्वीर पैरों के पास रखने वालों शर्म करो, ये देश तुम्हें कभी माफ नहीं करेगा लालू जी।

शिवराज सिंह ने कहा कि आज मुझे मुकुट पहनाकर स्वागत किया है, मैं वो मुकुट यहां देकर जाऊंगा, ताकि जब हमारे समाज की बेटियों की शादी होगी, तब इस मुकुट की चांदी को उनकी बिछिया बनाने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने कहा-आप दिल्ली चले आओ तो दिल के दरवाजे खुले रहेंगे व घर के दरवाजे भी। यहां लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में मोदी जी का समर्थन करने का संकल्प भी लिया।

 

Next Post

देश की एकता, अखंडता का सवाल हो तो तथ्यहीन बात नहीं करनी चाहिए: सिन्हा

Mon Jun 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर की जनता के आतंकवाद के विरुद्ध खड़े होने को बड़ा बदलाव बताया है और विपक्षी नेताओं को नसीहत दी है कि जब देश की एकता-अखंडता का सवाल हो तो वहां जिम्मेदारी दिखानी चाहिए, […]

You May Like