
उज्जैन। लंबे समय से शहर में गांजे का अवैध कारोबार कर रहा कुख्यात तस्कर एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। उसके पास से 1 किलो 130 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करेगी। देवासगेट थाना पुलिस ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि नगर निगम द्वारा बनाए गए नगर वन में बने हनुमान मंदिर के पास एक युवक गांजे की पुडिय़ा बनाकर नशा करने वालों को बेचने के लिए आया हुआ है। एसआई पुरुषोत्तम गौतम ने प्रधान आरक्षक श्रीराम यादव और आरक्षक शैलेष सिंह के साथ तत्काल मौके पर पहुंच घेराबंदी की और गांजे के साथ कुख्यात तस्कर संजय उर्फ संजू चना पिता शीतलप्रसाद गुप्ता को हिरासत में ले लिया। कुछ महीनों पहले भी देवासगेट पुलिस ने उसे नगर वन से गिरफ्तार किया था। इस बार उसके पास 10 हजार रुपए कीमत का गांजा मिला है। मामले में एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
