सिंगरौली : जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने आज रविवार को कार्रवाई करते हुए तीन वाहनों को जप्त किया।
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान गिट्टी के अवैध परिवहन में संलग्न ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 66 ए 6867 को जप्त किया गया।
वहीं रेत के अवैध परिवहन में लगे बिना नंबर के एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जप्त कर पुलिस चौकी गोरबी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। इसके अलावा कोयले के अवैध परिवहन में संलग्न वाहन क्रमांक जेएच 04 एडी 5676 को जप्त कर थाना बरगवां में खड़ा कराया गया। खनिज विभाग के अनुसार जप्त किए गए वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
