नक्सल विरोधी अभियान में शामिल बहादुर पुलिसकर्मियों को मिलेगी पदोन्नति: यादव

भोपाल, 14 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट जिले में 4 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराने पर राज्य पुलिस बल के जवानों को बधाई दी है।

डॉ. यादव ने आज पचमढ़ी से जारी संदेश में यह बात कही। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद को प्रदेश की धरती से समूल खत्म करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पाने में हमारे पुलिस जवानों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नक्सल विरोधी अभियान में भाग ले रहे पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर रही है। कुछ महीने पहले बालाघाट में एक कार्यक्रम में नक्सलियों का खात्मा करने वाले पुलिस के सिपाहियों और अधिकारियों को पदोन्नति देकर सम्मानित किया था।

डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट प्रदेश का एक मात्र जिला है, जो नक्सल प्रभावित है। शनिवार को यहां मुठभेड़ में मारे गए 4 नक्सलियों में 3 महिलाएं शामिल हैं। उनके कब्जे से कई ऑटोमैटिक हथियार, रॉकेट लॉन्चर और भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला है। नक्सलियों द्वारा किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने से पहले पुलिस जवानों ने सक्रियता दिखाई और सभी हथियारबंद नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस सफल ऑपरेशन के लिए पुलिसबल को बधाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलियों की वजह से जनजातीय भाई-बहनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। नक्सली सरेंडर करें, नहीं तो मारे जाएंगे। प्रदेश पुलिस इस कार्य को बखूबी अंजाम दे रही है।

Next Post

चोरों ने ताला तोड़कर लाखों के जेवर किये पार

Sat Jun 14 , 2025
कटनी। जिले के कुठला थाना क्षेत्र के कैलवारा कला गांव में एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने लगभग 15 लाख रूपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए हैं। वारदात की सूचना पर सीएसपी नेहा पच्चिसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। जहां पर उनके द्वारा […]

You May Like