
शाजापुर। जिले में प्री मानसून सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते नगर का मौसम बदलने लगा है. शनिवार शाम को भी आंधी तूफान के साथ बेरछा में तेज बारिश हुई. इस दौरान बबूल का पेड़ रेलवे ट्रेक पर गिरा. समय रहते चालक ने ट्रेन रोक दी, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ. जिले में शनिवार दोपहर अचानक मौसम में बदलाव आया. इसके चलते जिले में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई. शहर में रिमझिम बारिश से गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. बेरछा रेलवे स्टेशन के पास भोपाल रतलाम रेल खंड पर आंधी के कारण एक पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया. इस कारण भोपाल-दाहोद इंटरसिटी एक्सप्रेस 19340 को बेरछा और पीर उमरोद स्टेशन के बीच करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर 3.50 बजे रोका गया. इसके बाद स्थानीय रहवासियों व रेलवे कर्मचारियों की मदद से रेलवे ट्रेक से पेड़ को हटाया गया. जिसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी.
करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही ट्रेन
ट्रैक साफ होने के बाद ट्रेन को 5.14 बजे रवाना किया गया. ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक जंगल के बीच खड़ी रहने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक से पेड़ हटाया जिसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी.
