एबी रोड-बलवंत नगर में अतिक्रमण से नागरिक बढ़ी मुसीबत 

गुना। एबी रोड एवं बलवंत नगर में बढ़ते अतिक्रमण से आमजन त्रस्त हो चुके हैं। खासकर किसान मार्ट के पास टाटा शोरूम के सामने वाली गली और बलवंत नगर की सडक़ पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण ने राहगीरों, मरीजों और स्थानीय निवासियों की नाक में दम कर रखा है। इसकी शिकायतें कई बार नगर पालिका सहित 181 जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

बलवंत नगर के समस्त निवासियों की ओर से एक सामूहिक आवेदन कलेक्टर गुना को सौंपा गया, जिसमें मांग की गई है कि एबी रोड पर टाटा शोरूम के सामने जो एक फीट ऊंचा और 15 फीट लंबा चबूतरा बना हुआ है, उसे तत्काल हटाया जाए। नागरिकों का कहना है कि यह चबूतरा पूरी तरह अवैध है और फुटपाथ व सडक़ पर कब्जा कर लोगों की आवाजाही में बाधा बन रहा है। इसके अलावा जिस गली में अस्पताल संचालित हो रहा है, वहां सडक़ के दोनों ओर वाहनों का अव्यवस्थित खड़ा होना, दुकानों के आगे किया गया अतिक्रमण और हॉर्न की आवाजों से मरीजों का उपचार तक बाधित हो रहा है। कई बार दर्द से तड़पते मरीजों को एंबुलेंस या ऑटो तक समय पर नहीं मिल पाता। लोग हॉर्न बजाते रह जाते हैं, लेकिन कोई वाहन हटाने नहीं आता।

निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका के अधिकारी कई बार निरीक्षण कर सिर्फ औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं, जबकि स्थाई समाधान की कोई पहल नहीं की जाती। आवेदन में एसडीएम, नगर पालिका प्रशासन, यातायात पुलिस, और अन्य संबंधित विभागों को भी कार्रवाई हेतु अवगत कराया गया है। अब स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो वे जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Next Post

एम्बुलेंस की टक्कर से दो की मौत, एक घायल

Sat Jun 14 , 2025
जबलपुर। कुण्डम थाना अंतर्गत मोहनी तिराहा में एम्बुलेंस की टक्कर से मोटर सायकल सवार 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक घायल है। पुलिस ने बताया कि पारत सिंह कुलस्ते निवासी चौरई कला ने सूचना दी कि वह हाईस्कूल हरदुली कला में शिक्षक के पद पर है, उसका बेटा […]

You May Like