
एयर इंडिया के लंदन-बाउंड विमान AI171 के दुर्घटनाग्रस्त होने से 241 यात्री-चालक दल और जमीन पर भी कई लोग मारे गए; मलबे में मिले एक ब्लैक बॉक्स से उम्मीद, दूसरे की खोज जारी।
अहमदाबाद, 13 जून (वार्ता): अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण विमान हादसे में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, और अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। लंदन जा रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI171 ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद मेघानी नगर के एक आवासीय और मेडिकल कॉलेज परिसर में क्रैश हो गया। इस भयावह दुर्घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है, और जांच एजेंसियां अब विमान के मलबे से ब्लैक बॉक्स की तलाश में तेजी से जुटी हैं ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। पुलिस और आपदा राहत टीमों ने अब तक 265 शव बरामद किए हैं, जिनमें विमान में सवार 241 यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा, विमान के आवासीय क्षेत्र में गिरने से मेडिकल कॉलेज छात्रावास और आसपास की इमारतों में भी कई लोगों की मौत हुई है, जिनकी संख्या अभी भी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक यात्री, रमेश विश्वास कुमार, चमत्कारी रूप से जीवित बचे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी सीट के साथ विमान से बाहर गिरने की कहानी ने सबको चौंका दिया है। जांच दल को मलबे से एक ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर) बरामद हो गया है, जिससे दुर्घटना की शुरुआती जानकारी मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, दूसरे ब्लैक बॉक्स (कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर) की तलाश अभी भी जारी है, जो पायलटों के बीच अंतिम बातचीत और कॉकपिट के भीतर की ध्वनि को रिकॉर्ड करता है, और जो दुर्घटना के कारणों को समझने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
