मुरैना, 12 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश की मुरैना जिला पुलिस ने आज मोटर साइकिल चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके द्वारा बताए गए स्थानों से चोरी की गईं डेढ़ दर्जन मोटर सायकिलें बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान चलाया जिसमें पुलिस को गल्ला मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो युवक मोटर साइकिलों पर बैठे हुए संदिग्ध दिखाई दिए। पूछताछ में उनसे जब मोटर साइकिलों से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे नहीं दे पाए और उनकी दोनों मोटर साइकिल चोरी की होना पाया गया। जब उनसे कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को अपने दो अन्य साथियों के नाम बताए कि वे सब मिलकर मोटर साइकिलों की चोरी कर उन्हें पांच हजार रूपये में बेच देते थे।
पुलिस ने उक्त दोनों साथियों को गिरफ्तार कर उनकी निशान देही पर जिले के विभिन्न विभिन्न स्थानों से चोरी की डेढ़ दर्जन सायकिलें बरामद की हैं। चारों चोर मुरैना जिले के जौरा और बागचीनी थाना क्षेत्र के निवासी हैं और पुलिस अभी उनसे चोरी हुईं अन्य मोटर साइकिलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

