शिवपुरी: जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिवपुरी-पोहरी हाईवे पर रामखेड़ी गांव के पास बारातियों से भरी एक लोडिंग पिकअप वाहन पलट गई। हादसे में 15 से 20 लोग घायल हो गए, जिनमें से 8 से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव से शिवपुरी शहर की ठकुरपुरा कॉलोनी बारातआई थी।
दीपक आदिवासी पुत्र लोटन आदिवासी की शादी संपन्न होने के बाद करीब 30 बाराती बहू की विदाई कराकर लौट रहे थे। तभी रामखेड़ी गांव के पास लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
