भोपाल: केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने के बाद राजधानी भोपाल में रसोई गैस महंगी हो गई है। नई दरों के अनुसार अब भोपाल में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 918.50 रुपए में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 858.50 रुपए थी। यानी उपभोक्ताओं को अब एक सिलेंडर पर 60 रुपए अधिक खर्च करने होंगे।वहीं होटल, रेस्टोरेंट और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले 19 किलोग्राम के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद भोपाल में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1910.50 रुपए हो गई है।
नई कीमतें शनिवार से ही लागू कर दी गई हैं। गैस कंपनियों के अनुसार हाल के महीनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच यह फैसला लिया गया है। इससे पहले अप्रैल 2025 में घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ाए गए थे, जबकि मार्च 2026 में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई थी।
कीमत बढ़ने से राजधानी के आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और छोटे कारोबारियों की जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ने की संभावना है।
