नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (इरेडा) ने पात्र संस्थागत नियोजन (क्यूआईपी) के माध्यम से 2,005.90 करोड़ रुपए जुटाए हैं। क्यूआईपी को आकार 1500 करोड़ रुपये था लेकिन इसे 1.34 गुना अधिक अभिदान मिला है।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने आज यहां जारी बयान में यह जानकारी देते हुये कहा कि ये पूंजी 165.14 रुपए प्रति शेयर की दर पर 12.15 करोड़ शेयर जारी करके जुटाई गई है। इसमें 10 रुपए के अंकित मूल्य के शेयर पर 155.14 रुपए प्रति शेयर का प्रीमियम दिया गया है।
मंत्रालय के अनुसार 165.14 रुपए का निर्गम मूल्य था जबकि इसका फ्लोर मूल्य 173.83 रुपए प्रति शेयर है। इस तरह से इस पर पांच प्रतिशत की छूट दी गयी है। क्यूआईपी 5 जून, 2025 को लॉन्च किया गया और 10 जून, 2025 को बंद हुआ। इसमें बीमा कंपनियों, अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों सहित घरेलू और विदेशी योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के विविध समूह से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।
कंपनी के निदेशक मंडल ने आज आयोजित अपनी बैठक में क्यूआई खरीदारों को शेयरों के आवंटन को मंजूरी दे दी।
