ड्यूटी जाते समय जेल प्रहरी की मौत

शहडोल: जिले के ब्यौहारी स्थित उप जेल में पदस्थ एक जेल प्रहरी की गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब प्रहरी सुबह की ड्यूटी के लिए घर से निकले थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक 29 वर्षीय अभिषेक सिंह उप जेल ब्यौहारी में पदस्थ थे। गुरुवार तड़के उनकी सुबह की शिफ्ट थी। वे अपने कमरे से बाइक लेकर ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय के सामने उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि अभिषेक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। शव को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।घटना की सूचना मिलते ही उप जेल ब्यौहारी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।

अपने साथी की असमय मौत से पूरा विभाग स्तब्ध नजर आया। शव को अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।युवा प्रहरी की अचानक हुई मौत से पूरे विभाग में शोक की लहर है।

Next Post

राजधानी का ऊर्जा क्षेत्र देश का अग्रणी मॉडल बने : सूद

Thu Feb 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (वार्ता) दिल्ली के ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि उनकी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि राजधानी का ऊर्जा क्षेत्र केवल दिल्ली वासियों की जरूरतें पूरी नहीं करे बल्कि देश का अग्रणी मॉडल बने। श्री सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी […]

You May Like