ईरान-इजरायल युद्ध के 29वें दिन ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला किया। इस हमले में 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए, कई रिफ्यूलिंग विमानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
ईरान-इजरायल युद्ध का आज 29वां दिन है। 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों से शुरू हुआ यह संघर्ष अब एक महीने के करीब पहुंच गया है, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।
इसी बीच ईरान ने सऊदी अरब के एक सैन्य ठिकाने पर हमला किया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हुए इस हमले में अमेरिकी ईंधन भरने वाले कई विमान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
सऊदी में हमले से बढ़ा तनाव
सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है। इस हमले में करीब 12 अमेरिकी सैनिक घायल बताए जा रहे हैं, जबकि रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट KC-135 स्ट्रैटोटैंकर को भी नुकसान पहुंचा है। सैटेलाइट तस्वीरों में हमले के स्पष्ट निशान दिखे हैं, जो हालात के और बिगड़ने का संकेत देते हैं।
नाटो पर ट्रंप का हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर नाटो सहयोगियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नाटो देशों ने अपेक्षित सहयोग नहीं दिया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका हर साल नाटो की सुरक्षा पर भारी खर्च करता है और हमेशा सहयोगियों के साथ खड़ा रहा है, लेकिन अब हालात को देखते हुए उन्हें नहीं लगता कि अमेरिका को हमेशा उनके साथ खड़े रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब वे हमारे साथ नहीं हैं, तो हम उनके साथ क्यों रहें।
सऊदी ने मिसाइल को किया निष्क्रिय
इस बीच सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने राजधानी रियाद की ओर दागी गई एक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया। इससे बड़े नुकसान को टाल दिया गया। कुल मिलाकर, क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और फिलहाल इस संघर्ष के जल्द खत्म होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
