
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के मामलों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले मंत्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट को अनिवार्य कर दिया है। हालाँकि सरकार की ओर से अब तक इस बारे में कोई अधिकृत बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्र इस आशय की पुष्टि कर रहे हैं। इधर,देश में पिछले 24 घंटों में कोविड के 306 नए मामले सामने आए, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 7,121 हो गई है। जबकि इस दौरान छह कोविड रोगियों की मृत्यु हुई। इधर,केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को बताया गया कि देश में पिछले 24 घंटों में 306 नए मामले सामने आए और छह मौतें हुईं। केरल में तीन मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि महाराष्ट्र (1) और कर्नाटक (2) ही ऐसे राज्य हैं, जहां इसी अवधि के दौरान शेष मौतें हुई हैं। केरल में एक दिन में सबसे ज़्यादा 170 नए मामले सामने आए हैं। इस बीच, गुजरात में 114 नए संक्रमण और 1,223 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, इसके बाद कर्नाटक का स्थान है, जहां 100 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 66 नए मामले दर्ज किए गए।
