इंदौर:एक बार फिर मालवीय नगर क्षेत्र से लोगों ने प्रदेश सरकार से अपने मुआवज़े के लिए गुहार लगाई है. पिछले कुछ समय से मालवीय नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य जोरों पर है. इस कार्य में तकरीबन एक किलोमीटर लंबी सड़क का नवनिर्माण किया जाएगा. इस सड़क निर्माण की ज़द में दोनों तरफ सैकड़ों भावनों को जमींदोज किया जा रहा है. कोई यहां पिछले चालीस वर्षों से रह रहा है तो किसी की तीन पीढ़ियां गुजर चुकी हैं.
क्षेत्र में अधिकतर मध्यमवर्गीय परिवार और मजदूर परिवार रहते हैं जिन्होंने अपने पूरे जीवन की पूंजी मकान बनाने में लगा दी. अब इनके भावनों के आधे हिस्से को तोड़ा जा रहा है. विकास के इस कार्य में एक बड़ा सवाल उभरकर सामने आता है कि जब मास्टर प्लान के मुताबिक इस सड़क को चौड़ीकरण किया ही जाना था तो नगर निगम के अधिकारियों ने यहां पर मकान निर्माण ही क्यों होने दिए. अधिकारियों की मर्जी लापरवाही दर्शाती है.
इनका कहना है
पूरे पचास साल की पूरी पूंजी लगाई. मकान भी टूट गया और हाथ में भी कुछ नहीं बचा. सरकार कम से कम गरीबों के नुकसान की भरपाई तो करे. पर कोई सुनने वाला नहीं.
– देवीलाल परिचय
आलू-प्याज, सब्जी का ठेला लगा लगाकर हमने एक-एक पैसा जोड़ा और मकान बनाया. आज सरकार ने एक सड़क की खातिर हमारा मकान छीन लिया. दस सदस्य दो कमरों में कैसे रहेंगे.
– राजू बाई
यह मार्ग इतना भी यातायात से व्यस्त नहीं था जिसके लिए इतने सारे मकान को तोड़ा गया. सिर्फ ओटल तोड़ देते तो चल जाता. इससे लोगों का नुकसान होने से बच जाता.
– राकेश ठाकुर
