कांग्रेस भ्रामक बयानों से जनता को गुमराह कर रही : राठौड़

जयपुर, (वार्ता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाज़ी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि कांग्रेस के पास कोई ठोस विषय नहीं बचा है, जिसके चलते कांग्रेस नेता अनर्गल और भ्रामक बयानों के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

श्री राठौड़ ने रविवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस अपनी आंतरिक कलह को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगा रही है। कांग्रेस पहले अपनी आंतरिक कलह को संभाले, भाजपा में कोई अंतर्कलह नहीं है। वे न जाने कहां से विषय गढ़कर लाते हैं और फालतू की बातें करते हैं। भाजपा में तो सबकुछ सुव्यवस्थित और संगठित तरीके से हो रहा है। यहां तक कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से भी भाजपा सरकार के कार्यों की सराहना की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता आपस में ही एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हैं। टीकाराम जूली डोटासरा को, गोविंद सिंह डोटासरा जूली को नीचा दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। डोटासरा ने विधानसभा में जिस प्रकार अमर्यादित व्यवहार किया, वह शर्मनाक है। अब तक वह शर्म के मारे सदन में नहीं आ सके हैं। पहले वह अपना घर संभालें।

उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषय पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद जैसे विषयों पर किसी की मध्यस्थता स्वीकार नहीं की जाएगी। पाकिस्तान के सैन्य अधिकारी ने माफी मांगी, सीजफायर का अनुरोध किया और हमारी शर्तों पर वार्ता की बात की है। यह भारत की दृढ़ नेतृत्वशक्ति का परिणाम है। ऐसे में विपक्ष की ओर से युद्धविराम पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

श्री राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो पहले अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में और फिर बीकानेर की जनसभा में भारत की आतंकवाद को लेकर अपनी नीति स्पष्ट कर दी। संसद का सत्र भी समय पर शुरू हो जाएगा, इसके लिए विपक्ष को धैर्य रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा,“जब भाजपा ने कांग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को लेकर एक दल भेजा, तब भी कांग्रेस भ्रमित दिखाई दी। अगर कांग्रेस नेताओं को अपने ही नेतृत्व से परेशानी है, तो उसमें भाजपा क्या कर सकती है।’’

श्री राठौड़ ने कांग्रेस पर संवैधानिक मूल्यों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा, संविधान की हत्या कांग्रेस ने की है, एक बार नहीं, कई बार की। उन्होंने आपातकाल लगाया, चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया, निर्दोषों को जेल में डाला। अब भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं, यह सरासर अनुचित है। प्रधानमंत्री ने सदैव संविधान का सम्मान किया है। कांग्रेस नेताओं को अनर्गल बयान देने से बचना चाहिए।

Next Post

चित्रकूट में मिनी ट्रक और पिकअप में टक्कर,पांच मरे छह गंभीर

Mon Jun 2 , 2025
चित्रकूट (वार्ता) उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के रैपुरा क्षेत्र में रविवार को डीसीएम और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत होने से पांच लोगों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनो वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी […]

You May Like