चित्रकूट में मिनी ट्रक और पिकअप में टक्कर,पांच मरे छह गंभीर

चित्रकूट (वार्ता) उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के रैपुरा क्षेत्र में रविवार को डीसीएम और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत होने से पांच लोगों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनो वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक कई थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से तत्काल अस्पताल भेजा गया।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रैपुरा क्षेत्र के सखौंहा गांव निवासी संतराम रैदास (41), बच्चा (45), भइयन उर्फ रजवा (38), रैपुरा थाना क्षेत्र के पहाड़ी निवासी शांतिभान व दूधनाथ, बल्हौरा निवासी रामू साहू, कोनैन अली, हीरो अली, शिवरतन का डेरा निवासी दुर्गा के साथ बल्हौरा से मुस्लिम समुदाय की बारात में बैंडबाजा बजाने बांदा जिले के कालिंजर पिकअप से जा रहे थे कि भखरवार मोड के पास कर्वी की ओर से आ रही डीसीएम में सामने में भिड़ गई।

इस हादसे में पिकअप सवार रामू साहू, दुर्गा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रतापगंढ के कुंडा निवासी इमरान खान (35) व पहाड़ी निवासी सादिक अली (25) समेत अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना पर एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ जयकरण सिंह सहित रैपुरा, मऊ, बहिलपुरवा, राजापुर, पहाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी से वाहनों को सड़क से हटवा कर रास्ता बहाल कराया। चार एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी रामनगर ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर संतराम, रजवा, इमरान, बच्चा को जिला अस्पताल और कोनैन अली को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में संतराम और बच्चा को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में कोनैन अली की मौत हो गई। इसके बाद रजवा को भी जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का इलाज चल रहा है।

 

 

Next Post

सवा लाख रुपये की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार

Mon Jun 2 , 2025
जयपुर, (वार्ता) राजस्थान में जयपुर की साइबर पुलिस ने लड़की के नाम की इंस्टाग्राम आईडी बनाकर ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि एक पीड़ित ने 13 अप्रैल को साइबर थाने में एक लड़की आरुषी जाट द्वारा उससे करीब सवा लाख रुपये […]

You May Like