
सीधी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 में आज सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार बल्कर और बाइक की भिडंत में बाइक में सवार महिला की मौत हो गई वहीं पति और 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर रूप से घायल बालक को आक्सीजन सपोर्ट के साथ मेडिकल कालेज रीवा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलहा निवासी बुद्धिमान साहू पिता कुंवारे साहू उम्र 40 वर्ष आज सुबह अपनी बाइक क्रमांक एमपी 53 एमई 1939 में पत्नी सुनीता साहू उम्र 35 वर्ष एवं पुत्र रमाशंकर साहू 8 वर्ष के साथ कुबरी बाजार से अपने घर की ओर लौट रहा था। बेलहा मोड कुबरी में सिंगरौली से सीधी की ओर तेज रफ्तार में आ रहे बल्कर क्रमांक एमपी 17 एचएच 3681 से बाइक की भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हादसा होते ही बाइक में सवार तीनों लोग उछलकर गंभीर रूप से घायल हो गये। महिला को सबसे ज्यादा चोंटे आने के कारण वह खून से सराबोर हो गई वहीं बालक एवं उसका पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय समाजसेवी मृत्युंजय गौतम और उनके परिजनों ने तत्काल निजी बोलेरो को बुक करके तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। साथ ही सिविल सर्जन डॉ.एस.बी.खरे से बात कर त्वरित उपचार शुरू कराया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल सुनीता साहू ने दम तोड़ दिया वहीं बालक को रीवा रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बुद्धिमान को जिला अस्पताल में 12 घंटे की विशेष निगरानी में रखा गया है।
