भोपाल। मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। आज और कल यानी 24 और 25 जून को मेट्रो सेवाएं बंद हैं। सुभाष नगर से एम्स कॉरिडोर पर कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) सिग्नलिंग सिस्टम का निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण कर रहा है।
इस दौरान सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रेन कंट्रोल सिस्टम, संचार व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार यह परीक्षण मेट्रो के सुरक्षित और बेहतर संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सिग्नलिंग सिस्टम किसी भी मेट्रो नेटवर्क की रीढ़ होता है। यही सिस्टम ट्रेनों की गति नियंत्रित करता है, उनके बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखता है और संचालन को अधिक सुरक्षित बनाता है। इसी वजह से CMRS की मंजूरी मेट्रो परियोजना के लिए सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रमाणन मानी जाती है।
मेट्रो प्रबंधन का दावा है कि परीक्षण पूरा होने के बाद संचालन व्यवस्था और बेहतर होगी। आने वाले समय में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुगम मेट्रो सेवा मिल सकेगी।
फिलहाल 24 और 25 जून को मेट्रो का संचालन बंद है, जबकि 26 जून से सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को अगले दो दिन वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करना होगा।
