सतना : बाइक पर सवार होकर 1 युवक और 3 युवतियां कटनी जिले से मैहर देवी मां का दर्शन करने के लिए आए थे. लौटने के दौरान अचानक एक शीशम का पेड़ उनकी बाइक पर आ गिरा. जिसके चलते जहां 1 युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि 2 युवतियां गंभीर तौर पर घायल हो गईं.प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत इम्लास गांव के निवासी अमित कुशवाहा पिता द्वारका उम्र 21 वर्ष, रागिनी कुशवाहा पिता सूरज उम्र 18 वर्ष, राधिका उर्फ पलक कुशवाहा पिता गेंदालाल उम्र 17 वर्ष और शिवानी कुशवाहा पिता संतराम उम्र 18 वर्ष मंगलवार की सुबह अपने गांव से एक ही बाइक क्र. एमपी 21 जेड जे 3595 पर सवार होकर मैहर के लिए निकले थे. मैहर पहुंचकर मां शारदा का दर्शन पूजन करने के बाद वे सभी बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे.
लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वे देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहिया गांव के निकट पहुंच गए. बताया गया कि चलती बाइक को सडक़ किनारे कुछ लोगों ने रुकने का इशारा किया. लेकिन जब तक बाइक चला रहे अमित को कुछ समझ में आता वह आगे बढ़ चुका था. इसी दौरान अचानक एक शीशम का बड़ा सा पेड़ सीधे बाइक पर आ गिरा. घटना होती देख आस पास मौजूद लोगों के बीच सनाका खिंच गया. किसी तरह हिम्मत जुटाकर लोग निकट पहुंचे और पेड़े के नीचे दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरु किया. वहीं घटना की सूचना मिलने पर देहात थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. आनन-फानन में चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. लेकिन वहां पर ड्यूटी डॉक्टर द्वारा जांच करने पर रागिनी को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. जबकि अमित, राधिका और शिवानी को भर्ती कर उपचार शरु किया गया. लेकिन कुछ देर बाद ही अमित ने भी दम तोड़ दिया. फिलहाल राधिका और शिवानी का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.
ट्रैक्टर से खींचा जा रहा था पेड़
देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त शीशम के पेड़ को स्थानीय रहवासी दीनदयाल साकेत द्वारा कटवाया जा रहा था. एक ओर से पेड़ को काटे जाने के साथ ही रस्सी के सहारे उसे दूसरी ओर से ट्रैक्टर के जरिए खींचा भी जा रहा था. इसी दौरान बरती गई लापरवाही के चलते चलती बाइक चपेट में आ गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना भी की जा रही है. साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि पेड़ काटने के लिए वैध अनुमति ली गई थी अथवा नहीं।
