
नीमच/जीरन। जिले की जीरन तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सोनियाना में रिक्त हुए सरपंच पद पर अब नई नियुक्ति कर दी गई है। प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, श्यामाबाई पति देवलाल गुर्जर को ग्राम पंचायत सोनियाना का कार्यवाहक सरपंच नियुक्त किया गया है। वे आगामी उपचुनाव संपन्न होने तक पंचायत के सभी प्रशासनिक और विकास कार्यों का संचालन करेंगी।
सरपंच के निधन के बाद रिक्त हुआ था पद
उल्लेखनीय है कि सोनियाना की निर्वाचित सरपंच विद्याबाई पति घनश्याम प्रजापति का बीते 5 फरवरी 2026 को दुखद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से ही पंचायत में सरपंच का पद रिक्त चल रहा था, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। शासन के नियमों के अनुसार, रिक्त पद को भरने के लिए मध्यप्रदेश पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 38 के तहत प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
सर्वसम्मति से हुआ चयन
प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत 2 मार्च 2026 को नायब तहसीलदार एवं पीठासीन अधिकारी जीरन की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सोनियाना की विशेष बैठक आहूत की गई। इस बैठक में निर्वाचित सदस्यों की उपस्थिति में विचार-विमर्श के बाद ग्वाल देविया निवासी श्रीमती श्यामाबाई गुर्जर के नाम पर सर्वसम्मति बनी और उन्हें कार्यवाहक सरपंच चुना गया।
एसडीएम ने जारी किए आदेश
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीमच, संजीव साहू द्वारा इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार- श्यामाबाई गुर्जर तत्काल प्रभाव से सरपंच पद के समस्त दायित्वों का निर्वहन करेंगी। यह व्यवस्था केवल आगामी उपचुनाव होने तक प्रभावी रहेगी। सोनियाना पंचायत के सचिव और संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे नवनियुक्त कार्यवाहक सरपंच के समन्वय से पंचायत के रुके हुए कार्यों को गति प्रदान करें।
