जबलपुर: राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिले के समस्त विकासखंड मुख्यालयों पर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। प्रथम दिवस शुक्रवार को कुल 1616 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह परीक्षा शासकीय स्कूलों के कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है, जो ओएमआर शीट आधारित है। प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी के उद्देश्य से आयोजित इस ओलंपियाड में विद्यार्थियों को परीक्षा उपरांत भोजन एवं राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं।
प्रथम दिवस कक्षा 2 एवं 3 के लिए हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित तथा कक्षा 6 से 8 के लिए हिंदी, अंग्रेजी एवं संस्कृत विषयों की परीक्षा संपन्न हुई। डीपीसी योगेश शर्मा ने नगर शिक्षा केंद्र एक अंतर्गत शासकीय एमएलबी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नगर शिक्षा केंद्र दो अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारबाग एवं पाटन विकासखंड के पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान एपीसी राजेश तिवारी, बीएसी अजय रजक, सहायक यंत्री ओपी सिंह, सुभाष शर्मा सहित संबंधित विकासखंड की बीआरसी टीम उपस्थित रही। आज द्वितीय दिवस को कक्षा 4-5 के हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण तथा कक्षा 6 से 8 के गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
