जबलपुर: एमपी स्टेट बार काउंसिल निर्वाचन-2026 की मतगणना के दूसरे चरण में एलिमिनेशन राउंड लगातार जारी है। सोमवार को एलिमिनेशन राउंड का 16 वां दिन समाप्त हुआ। इस दौरान भोपाल के प्रशांत एम हरने और चंद्र कुमार वलेजा व उज्जैन के आशीष उपाध्याय चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। कुल 122 प्रत्याशियों में से अब तक 84 प्रत्याशियों का एलिमिनेशन हो चुका है। वहीं इंदौर के प्रत्याशी राकेश सिंह भदौरिया निर्धारित कोटा पूरा कर चुके हैं, इसलिए उन्हें निर्वाचित माना जाएगा।
एलिमिनेशन के बाद बाहर हुए प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज मतों को निर्वाचन प्रक्रिया के तहत द्वितीय वरीयता के प्रत्याशियों को अंतरित किया जा रहा है। मतों के इस अंतरण से आगामी दौर में अन्य प्रत्याशियों की स्थिति में उलटफेर की संभावना बनी हुई है। अब तक पुरुष प्रत्याशियों में इंदौर के अखिलेश कुमार सक्सेना और विवेक सिंह, जबलपुर के आरके सिंह सैनी व नित्यानंद मिश्रा व उज्जैन के संदीप मेहता को बढ़त प्राप्त है। महिला आरक्षित श्रेणी में अंतिम पांच महिला प्रत्याशियों की स्थिति भी निर्णायक रहेगी। चुनाव मैदान में प्रमुख महिला प्रत्याशियों में सिंगरौली की अन्नू पटेल व रीवा की प्रवीण तिवारी शामिल हैं।
