
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 19 -20 अगस्त को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे । उप राष्ट्रपति इस दौरान देहरादून में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) का दौरा करने के अलावा कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उप राष्ट्रपति सचिवालय की मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री राधाकृष्णन 19 अगस्त को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी देहरादून का दौरा करेंगे।
वहां वह 2025-27 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करेंगे और उनके साथ बातचीत करेंगे। उपराष्ट्रपति 20 अगस्त को मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) के 2024 बैच के लिए आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। श्री राधाकृष्णन अकादमी में सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।
