
नीमच। नगर में बोहरा कब्रिस्तान के पास पांच खोली क्षेत्र में एक परिवार पर शुक्रवार रात को हमला हुआ। घटना की जानकारी शनिवार सुबह 11 बजे तब मिली, जब घायल गीता बाई की बेटी शीला घर पहुंची। उसने दरवाजा खोलते ही परिजन को खून से लथपथ देखा। शीला के शोर मचाने पर पड़ोसी एकत्र हुए। पुलिस को सूचना दी गई। एडिशनल एसपी और कैंट थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची। शीला का ससुराल नीमच में ही दूसरे मोहल्ले में है। इनका भाई पैरालिसिस में है, आज ये भादवा माता मंदिर भाई के साथ जाने वाली थी।
ये लोग हुए घायल
हमले में गीता बाई (65), उनका बेटा बबलू (45), धनराज और उसकी पत्नी सपना हरिजन घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में परिजन और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। चारों घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया है।
हमले की आवाज लोगों तक नहीं पहुंची
एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर घर को सील किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि हमले की आसपास के लोगों को कोई आवाज नहीं सुनाई दी। गर्मी का सीजन है सभी के घरों में कूल चल रहे थे। इसलिए किसी को भी आवाज सुनाई नहीं दी। घायलों के होश में आने के बाद ही हमले के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
