एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने आठ स्वर्ण समेत 24 पदक जीते

गुमी 31 मई (वार्ता) भारत ने 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कुल 24 पदकों के साथ अपने शानदार अभियान का समापन किया है।

भारत के कुल 24 पदकों में आठ स्वर्ण, 10 रजत और छह कांस्य पदक शामिल है। भारतीय दल पिछले सत्र में छह स्वर्ण समेत 27 पदक जीते थे। चैंपियनशिप के अंतिम दिन शनिवार को भारतीय एथलीटों ने तीन रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किये।

पारुल चौधरी आज महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15 मिनट 15.33 सेकंड (15:15.33 सेकंड) का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने इससे पहले 3000 मीटर मीटर स्टीपलचेज में भी रजत पदक जीता था। भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85.16 मीटर तक भाला फेंका। बागपत के खेकड़ा गांव निवासी सचिन का इससे पहले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84.39 मीटर था।

पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में अनिमेष कुजूर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20.32 सेकंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए कांस्य पदक जीता वहीं अभिनया राजराजन, स्नेहा एसएस, श्राबनी नंदा और नित्या गंधे की चौकड़ी ने महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले में सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 43.86 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया जो इस प्रतियोगिता में भारत का आखिरी पदक रहा।

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या ने भारत को दिन का दूसरा कांस्य पदक दिलाया। तमिलनाडु की 26 वर्षीय एथलीट ने 56.46 सेकंड का समय लेकर पोडियम स्थान हासिल किया।

पूजा ने भारत के लिए दिन का तीसरा कांस्य पदक जीता। उन्होंने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ 2:01.89 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ पूरी करके तीसरा स्थान हासिल किया। महिलाओं की 200 मीटर की दौड़ में ज्योति याराजी 23.47 सेकंड के समय के साथ पांचवें जबकि नित्या गंधे 23.90 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहीं। याराजी ने इस सप्ताह की शुरुआत में महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था।

Next Post

सेना पर बयानबाज़ी अपमानजनक, मेट्रो की नींव मेरे कार्यकाल में रखी

Sat May 31 , 2025
छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ जय हिन्द सभा के बाद छिंदवाड़ा पहुंचे, जहां इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मीडिया द्वारा सेना पर भाजपा की बयानबाज़ी पर पूछे सवाल के जवाब में कमलनाथ ने इसे “सेना का अपमान” बताया। उन्होंने कहा कि भोपाल […]

You May Like