
सीहोर. शनिवार को भोपाल में होने वाले लोकमाता अहिल्या बाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने के लिए जिले भर से 750 बसों से महिलाएं भोपाल पहुंचेंगी. जिला परिवहन विभाग द्वारा इन बसों का अधिग्रहण कर तहसील मुख्यालयों व ग्रामीण क्षेत्रों में भेजी गई हैं.
उल्लेखनीय है कि शनिवार को भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. जिला परिवहन विभाग द्वारा संबंधित बस मालिकों व संचालकों से शनिवार को महिलाओं को भोपाल ले जाने व वापस लाने के लिए बसें मांगी हैं. बताया जाता है कि जिले भर से महिलाओं को भोपाल ले जाने के लिए 750 बसों का अधिग्रहण किया गया है.
जिला परिवहन अधिकारी रितेश तिवारी ने बताया कि उनके द्वारा जिले से 350 बसों का अधिग्रहण किया गया है. इनमें सार्वजनिक परिवहन की बसों के अलावा स्कूलों की बसें भी शामिल हैं. उन्होंने बताया कि 400 बसों का इंदौर परिवहन विभाग द्वारा अधिग्रहण कर उन्हें सीहोर भेजा गया है. इन बसों को जिले के तहसील मुख्यालयों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा गया है. इन बसों में सवार होकर महिलाएं भोपाल के जम्बूरी मैदान पर आयोजित महासम्मेलन में शामिल होने रवाना होंगी. महासम्मेलन की समाप्ति के बाद इन्हीं बसों से उन्हें उनके घरों तक छोड़ा जाएगा.
उधर, जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन ने महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के लिए सीहोर कलेक्ट्रेट में बनाए गए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया. उन्होंने जिले की लाड़ली बहनों, स्व सहायता समूह की दीदियों के में शामिल होने के संबंध मे अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
