
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक मंत्री, एक-एक विधायक लूट व भ्रष्टाचार करने में लगा हुआ है जबकि हम ईमानदार विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। नतीजा पूरे प्रदेश में लूट-भ्रष्टाचार चरम पर है। अगर पीएम नरेंद्र मोदी वोट चोरी कर देश के प्रधानमंत्री नहीं बने हैं तो राहुल गांधी द्वारा प्रमाण सहित जो कनार्टक की एक विधानसभा में वोट चोरी का मुद्दा उठाया गया है उस पर वे और चुनाव आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इस मामले में चुनाव आयोग की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध है। हमें आशंका है कि मध्यप्रदेश में भी वोट चोरी में भाजपा की संलिप्तता है। देश में लोकतंत्र और संविधान की पवित्रता को बचाने के लिए मंगलवार से वोट सत्याग्रह आंदोलन की शुरूआत रीवा से की जा रही है। वहीं भाजपा का तोता बनकर चुनाव आयोग काम कर रहा है। ये सारी बातें मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को जबलपुर में सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन के दूसरे चरण में भोपाल में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और ग्वालियर में 3 दिन तक लोकतंत्र बचाओ अभियान चलाया जाएगा।
चुनाव आयोग कार्यालय जाने से रोका था
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गत दिवस दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ,प्रियंका गांधी ,मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ ही 300 सांसदों के साथ पैदल मार्च निकाला और यह सभी सांसद चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचकर अपना पक्ष रखना चाहते थे लेकिन सरकार के इशारे पर उन्हें बीच में ही रोक दिया गया। जो निंदनीय है। प्रदर्शन के दौरान केवल कांग्रेस ही नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन के सभी सांसद मौजूद थे।
एक-एक वोट रखता है बहुत मायने
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ये भी कहा कि जनता एक वोट से अपनी सरकार चुनती है। इसलिए इसकी प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है। अगर लोकतंत्र नहीं बचेगा तो देश भी नहीं बचेगा। अभी तो वोट और लोकतंत्र के प्रति आदर की पवित्रता को चुनाव आयोग नष्ट कर रहा है।
चुनाव आयोग की वेबसाइटें कीं गईं बंद
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू ने चुनाव आयोग आयोग पर निशाना साधते हुए ये भी कहा कि जब से कांग्रेस ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया है तभी से केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग से जुड़ी कई वेबसाइटें और सूचनाएं बंद कर दीं हैं। यह पारदर्शिता खत्म करने का एक षड्यंत्र है जिसे कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
