
नैनपुर। इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ 12 अगस्त 2025 से हुआ, जिसमें छह स्कूल टीमों — भारत ज्योति, ज्ञान ज्योति, विवेकानंद स्कूल, रेलवे स्कूल, शासकीय स्कूल और उत्कृष्ट विद्यालय — ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 अगस्त को खेला जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर नैनपुर नगर थाना निरीक्षक बलदेव मुजाल्दा, पार्षद नितिन ठाकुर, मोहित झारिया, रेलवे विभाग से संजीव पांडे व नीलेश रशिक, सामाजिक कार्यकर्ता मयंक खंडेलवाल, मोंटी पटेल और राजू विश्वकर्मा मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय कर उनका मनोबल बढ़ाया।
पहले दिन का पहला मैच ज्ञान ज्योति और भारत ज्योति स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें ज्ञान ज्योति ने 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरा मैच रेलवे स्कूल और विवेकानंद स्कूल के बीच हुआ, जिसमें विवेकानंद स्कूल ने 3-1 से विजय हासिल की।
मैच रेफरी के रूप में पवन नंदा, शिवानंद नंदा, आनंद नंदा, शिवेंद्र राज और संदीप ठाकुर ने दायित्व निभाया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं अपनी-अपनी टीम का उत्साहवर्धन करने में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
